{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false}
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बेलगहना पुलिस और ACCU की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जो बैंक अधिकारियों से साठगांठ कर नए नोटों की अवैध सप्लाई का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में नगदी बरामद की है, जिसे वह खपाने की फिराक में था।
रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात बेलगहना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग लेकर बेहद संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर जब उसे हिरासत में लिया और बैगों की तलाशी ली, तो अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं।
17.90 लाख की नगदी और 81 गड्डियां बरामद
सूटकेस और बैग नोटों के बंडलों से भरे हुए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 17.90 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसमें 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों की कुल 81 गड्डियां शामिल थीं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी इन छोटे नोटों को कटनी, शहडोल और आसपास के जिलों के व्यापारियों को सप्लाई करने जा रहा था।

कबाड़ के धंधे की आड़ में ‘नोटों का काला खेल’
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान पवन बजाज (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर की कश्यप कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने बताया कि पवन मूल रूप से तांबा-पीतल के स्क्रैप (कबाड़) का व्यवसाय करता है। इसी कारोबार के सिलसिले में उसका बैंकों में नियमित आना-जाना रहता था। इसी दौरान उसने बैंक अफसरों और कर्मचारियों से जान-पहचान बढ़ाई और नए नोटों को अवैध रूप से बाजार में खपाने का धंधा शुरू कर दिया।
कमीशन का गणित: एक बंडल पर 1000 रुपये तक की कमाई
आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह बैंक के कर्मचारियों के माध्यम से नए और छोटे नोटों की गड्डियां हासिल करता था। इन गड्डियों को वह जरूरतमंद व्यापारियों को कमीशन पर बेचता था। पवन को हर एक बंडल पर 200 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक का सीधा कमीशन मिलता था।
जांच के घेरे में बैंक अधिकारी और कर्मचारी
इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का शिकंजा उन बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कस सकता है, जो पर्दे के पीछे से इस गोरखधंधे में पवन की मदद कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नेटवर्क कितना बड़ा है और अब तक बाजार में कितने लाख के नए नोट इस तरह से खपाए जा चुके हैं।
फिलहाल, बेलगहना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। इस बड़ी सफलता से इलाके में हड़कंप मच गया है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
