मुंगेली / छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार स्कोडा कार से बाइक सवारों को कुचलने के आरोपी चीफ म्युनिसिपल ऑफिसर (CMO) अमरेश सिंह (58) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए जानबूझकर बाइक को टक्कर मारी थी। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानिए क्या है पूरा मामला?
शिक्षक नगर, पंडरिया के रहने वाले विश्वनाथ बसोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 1 अगस्त 2026 को उनकी भाभी किरण बसोर (36), भुनेश्वर साहू (32) और हेमलती साहू (39) के साथ बाइक से ग्राम हरदी में शादी का काम पूरा कर लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने अपनी बाइक किनारे रोक दी थी।
इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही एक स्कोडा कार—जिस पर ‘CMO (UAD) CG Government’ लिखा हुआ था—तेज रफ्तार में गलत दिशा से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हेमलती साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जन्मदिन समारोह से लौट रहा था अधिकारी
पुलिस जाँच में यह बात सामने आई है कि मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद, तखतपुर नगरपालिका के CMO अमरेश सिंह अपने एक साथी के साथ स्कोडा कार से लौट रहे थे। यह पूरी घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला की है।
घटनास्थल पर मिली ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त कार अत्यंत तेज रफ्तार में थी। टक्कर के दौरान कार के आगे लगी ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं, घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार बाद में तखतपुर नगर पालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी हुई मिली।
आरोपी अधिकारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर निवासी आरोपी CMO अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे में इस्तेमाल स्कोडा कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर 3 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
