मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण और मुंगेली को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा विगत 10 वर्षों से संचालित ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के 10वें वर्ष का अंतिम चरण 30 पौधों के रोपण एवं पूर्व में लगाए गए पौधों के मेंटेनेंस के साथ सम्पन्न हुआ। अभियान के अंतिम चरण में नीम, कदम, जामुन, गुलमोहर, पेंटाफाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
इस वर्ष 11 चरणों में संचालित अभियान के तहत कुल 380 पौधों का रोपण किया गया। संस्था द्वारा इन पौधों की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए ट्री गार्ड और बांस लगाए गए। संस्था का प्रारंभ से ही मानना रहा है कि ‘क्वांटिटी नहीं, क्वालिटी’ महत्वपूर्ण है। इसी सोच के तहत कम संख्या में पौधे लगाकर उनकी नियमित देखरेख एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाता है। यही वजह है कि पिछले वर्षों में लगाए गए पौधे आज मुंगेली शहर की हरियाली में अपना योगदान देते हुए नजर आ रहे हैं।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली केवल पौधरोपण का अभियान नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनाने का संकल्प है। दस वर्षों के इस सफर में संस्था ने हमेशा संख्या से अधिक पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने को प्राथमिकता दी है। आज जब पूर्व में लगाए गए पौधे बड़े होकर छांव और हरियाली दे रहे हैं, तो यह पूरे अभियान की सबसे बड़ी सफलता है। आने वाले वर्षों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
संस्था के सह संयोजक रामशरण यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन या एक मौसम का काम नहीं है। पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। संस्था के सभी सदस्य पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ पौधों के संरक्षण में जुटे हैं। हमारा प्रयास है कि मुंगेली की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर अधिक से अधिक हरियाली विकसित हो।
संस्था के ऊर्जावान सदस्य अनुराग सिंह ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस को अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। जब लगाए गए पौधे जीवित रहकर बड़े वृक्ष बनते हैं, तभी हमारे प्रयास सार्थक होते हैं। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
दसवें वर्ष के अंतिम चरण के साथ संस्था ने अभियान के इस वर्ष का समापन करते हुए आगामी वर्ष में भी हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सँस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसयोंजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, गोखलेश सिंह, विकास जैन, मुकेश पांडेय, अनुराग सिंह, कोमल चौबे, नागेश साहू, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, आर्या सिंह, संदीप सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, आशीष सिंह, श्रेयांश बैद, देवेंद्र सिंह गहरवार, अजय चंद्राकर, परमेश्वर देवांगन, अमित साहू, सुरेश यादव सहित पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, प्रियांक गुप्ता, नितेश लालवानी, धनेश्वर साहू, सोमेश नंदवानी, सुमित उपाध्याय उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
