मुंगेली। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय मुंगेली में सोमवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने संबोधित करते हुए बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की।

घनश्याम वर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 2 अगस्त से घर-घर जाकर आम उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएगी। इन आवेदनों के माध्यम से स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार दो माह तक चलेगा। इसके बाद जिलों में एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली कार्यालयों का घेराव कर ज्ञापन एवं आवेदन सौंपे जाएंगे तथा उनकी पावती ली जाएगी। आगे चलकर प्रदेशभर से प्राप्त पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बिजली दरों में वृद्धि की है। कृषि पंपों की बिजली भी महंगी की गई है। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली दरें बढ़ाई जा चुकी हैं और कुल मिलाकर लगभग 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी और उस समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि अप्रैल 2026 में संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताया था और उपभोक्ता की सहमति के बिना मीटर बदलना उचित नहीं है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में बिजली दरों में कमी, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना की पुनः शुरुआत तथा राज्य में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग दोहराई। पार्टी ने कहा कि जनहित में सरकार को इन मांगों पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। इस अवसर पर घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू,हेमेंद्र गोस्वामी, रोहित शुक्ला, रघुराज सिंह, दिलीप बंजारा,श्याम जायसवाल,श्री ठाकुर,राजेश छैदहिया, संजय यादव, योगेश्वर, जलेश यादव, रामकुमार साहू, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकमा, प्रभुमल्हा, मनीष त्रिपाठी, कैलास श्रीवास, विष्णु खांडे उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
