मुंगेली। जिला मुख्यालय के शिक्षक नगर कॉलोनी (अम्बेडकर वार्ड) में स्थित होटल सिंह इंटरनेशनल इन दिनों विवादों के घेरे में है। कॉलोनी के निवासियों ने होटल प्रबंधन पर ध्वनि प्रदूषण और गंदगी फैलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत की है। वहीं, होटल प्रबंधन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे शहर के विकास में बाधा डालने की कोशिश करार दिया है।

निवासियों का आरोप: “जीना हुआ मुहाल”
शिक्षक नगर के निवासियों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि होटल में देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाए जाते हैं, जो कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे वार्ड के बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को भारी मानसिक और शारीरिक कष्ट हो रहा है
इसके अलावा, निवासियों ने आरोप लगाया है कि होटल के किचन का बचा हुआ भोजन, कचरा और अन्य अपशिष्ट सीधे सार्वजनिक नालियों में बहा दिया जाता है। इसके कारण नालियां पूरी तरह अवरुद्ध हो चुकी हैं और पूरे क्षेत्र में असहनीय दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
होटल प्रबंधन का पक्ष: “होटल खुलने के बाद बढ़ी है क्षेत्र की रौनक”
होटल के मालिक ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि होटल को संचालित होते हुए 9 साल हो चुके हैं। सफाई में सुधार होटल खुलने से पहले उस इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता था और वहां गंदगी व दलदल थी। होटल और लॉन बनने के बाद वहां की साफ-सफाई पहले से बेहतर हुई है। प्रबंधन का कहना है कि वे नगर निगम को सालाना लगभग 34,500 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स देते हैं। एक जिम्मेदार संस्थान होने के नाते वे कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करते हैं और कचरा गाड़ी का उपयोग करते हैं।मुंगेली जैसे बढ़ते शहर के लिए ऐसे होटलों की आवश्यकता है। होटल प्रबंधन ने यह भी दावा किया कि जो लोग आज विरोध कर रहे हैं, उनके स्वयं के पारिवारिक कार्यक्रम भी इसी होटल में संपन्न होते रहे हैं।
कड़ी कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता दिनेश कुमार सोनी , गिरीश सुथार , एम.एल. राजपुत और अन्य निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कोलाहल अधिनियम और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के लिए होटल प्रबंधन पर उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, गेंद अब प्रशासन के पाले में है। देखना होगा कि निवासियों की शिकायतों और होटल प्रबंधन के तर्कों के बीच जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
