मुंगेली।नगर पालिका परिषद मुंगेली के वार्ड क्रमांक 19 के युवा पार्षद रोशन सोनी ने शहर की जीवनदायिनी आगर नदी की दयनीय स्थिति को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि यह नदी वर्षों से शहर के नागरिकों की जल आवश्यकताओं एवं पर्यावरणीय संतुलन का प्रमुख आधार रही है, किंतु वर्तमान में अत्यधिक गंदगी, कचरा एवं गाद (सिल्ट) जमा होने से इसका स्वरूप गंभीर रूप से प्रभावित हो चुका है।
पार्षद ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नदी के मध्य में बना मिट्टी एवं गाद का टापू जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न कर रहा है, जिससे पानी का ठहराव बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप जल प्रदूषण में वृद्धि हो रही है तथा भविष्य में जल संकट एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी गहराती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्षद रोशन सोनी ने मांग की है कि—
आगर नदी की तत्काल वैज्ञानिक एवं व्यापक स्तर पर सफाई करवाई जाए,
नदी के मध्य बने गाद/टापू को हटाकर जल प्रवाह को सुचारू किया जाए,
तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए स्थायी निगरानी एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि मुंगेली की जनता के स्वास्थ्य और आने वाले समय के जल संकट को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पार्षद ने जिला प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
