मुंगेली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर चेतना वरिष्ठ महिला संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह एक ऐसे पल का गवाह बना, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम के दौरान जब नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को संबोधित करने के लिए मंच पर बुलाया गया, तो वे अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और मंच पर ही रो पड़े।
अधूरी रह गई स्पीच, छलक आया मां का प्रेम
जैसे ही रोहित शुक्ला ने मंच से महिलाओं के त्याग और समर्पण पर बोलना शुरू किया, 95 वर्षीय श्रीमती वंदना गोवर्धन के सम्मान के दृश्य को देख वे अपने स्वर्गीय परिजनों और अपनी माताजी की यादों में खो गए। वे जैसे ही कुछ कहने के लिए आगे बढ़े, उनका गला रुंध गया और आंखों से आंसू छलक पड़े। स्थिति ऐसी थी कि वे अपना वक्तव्य भी पूरा नहीं कर पाए। उनके इस रूप को देख पूरा सदन शांत हो गया और कई महिलाओं की आंखें भी नम हो गईं।

सदस्यों ने बताया कि अध्यक्ष जी का यह रूप उनकी संवेदनशीलता और महिलाओं के प्रति उनके गहरे सम्मान को दर्शाता है। यह क्षण केवल एक औपचारिक समारोह नहीं रहा, बल्कि भावनाओं का एक ऐसा संगम बन गया जिसने साबित कर दिया कि मातृशक्ति के प्रति सम्मान शब्दों से नहीं, बल्कि हृदय की गहराई से निकलता है। अंत में, संघ ने संकल्प लिया कि वे महिलाओं के उत्थान के लिए इसी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते रहेंगे। चेतना वरिष्ठ महिला संघ की अध्यक्ष उमा शर्मा, सचिव मंजू सोलंकी, पार्षद संगीता साहू और संरक्षक उर्मिला सोनी व सरिता वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति इस भावपूर्ण क्षण की साक्षी बनी। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी सोनी ने किया।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
