मुंगेली। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। युवा सोनार समाज के तत्वाधान में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

यह शोभायात्रा शहर के प्रसिद्ध श्री राम जानकी मंदिर, सोनार पारा से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और हर ओर “जय श्री राम” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा में स्वर्णकार समाज के युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं ने हाथों में केसरिया ध्वज थामे पूरे जोश के साथ नारे लगाए। इस दौरान भगवान राम के दरबार की आकर्षक और भव्य झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसे देखने के लिए लोग जगह-जगह खड़े नजर आए।

समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता को मजबूत करना और युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ती है।
शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। इन मंचों से श्रद्धालुओं को शीतल जल, बिस्किट और पेय पदार्थ वितरित किए गए। साथ ही, पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण और भी अधिक श्रद्धामय बन गया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासन और आयोजन समिति के सदस्यों ने मिलकर यात्रा को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
