मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली की सामान्य सभा की बैठक में सोमवार को शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एंड्रुज वार्ड के युवा पार्षद रोशन सोनी ने जनहित से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए नगर पालिका प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की।
पार्षद रोशन सोनी ने मुंगेली शहर में चल रहे अवैध निर्माण कार्यों का मुद्दा सदन के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में आम नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
बलानी चौक में नाले पर अवैध निर्माण का मुद्दा उठा
बैठक में पार्षद सोनी ने बिना बलानी चौक क्षेत्र में नाले पर किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नाले के ऊपर अथवा नाले की प्राकृतिक जल निकासी को प्रभावित करने वाला निर्माण भविष्य में बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नाले पर निर्माण कर दिया गया और जल निकासी का रास्ता बाधित हुआ तो बरसात के दिनों में नाले का पानी आखिर जाएगा कहां? जल निकासी बाधित होने से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव, सड़क पर पानी आने तथा आम लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने की स्थिति बन सकती है।
पार्षद रोशन सोनी ने नगर पालिका प्रशासन से ऐसे निर्माण कार्यों की जांच कराकर नियम विरुद्ध पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर भी जताई चिंता
पार्षद ने शहर में सड़क किनारे एवं सरकारी जमीनों पर हो रहे निर्माण कार्यों का मुद्दा भी सामान्य सभा में उठाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या नियम विरुद्ध निर्माण भविष्य में शहर की व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बन सकता है।
उन्होंने मांग की कि नगर पालिका क्षेत्र में ऐसे सभी निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं दस्तावेजों की जांच कराई जाए तथा जहां भी निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
राशन कार्ड में धांधली का मामला भी सदन में उठाया
सामान्य सभा की बैठक में पार्षद रोशन सोनी ने राशन कार्ड से जुड़े मामलों में सामने आ रही अनियमितताओं एवं धांधली की शिकायतों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि इसमें किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो उसका सीधा असर पात्र हितग्राहियों पर पड़ता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राशन कार्ड से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की।
“जनता ने चुनकर भेजा है, जनहित के मुद्दे उठाता रहूंगा”
पार्षद रोशन सोनी ने कहा कि जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर नगर पालिका परिषद में भेजा है, इसलिए उनका पहला दायित्व जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाना है।
उन्होंने कहा कि वे किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि जनहित, शहर की व्यवस्था और मुंगेली के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे। शहर में जहां भी आम जनता के हित प्रभावित होंगे, वहां वे अपनी आवाज सदन में मजबूती से रखते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुंगेली शहर का विकास योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए और अवैध निर्माण, अतिक्रमण, जल निकासी तथा सार्वजनिक भूमि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समय रहते कार्रवाई की जानी आवश्यक है, ताकि भविष्य में शहरवासियों को बड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
सामान्य सभा की बैठक में पार्षद रोशन सोनी द्वारा उठाए गए इन मुद्दों को लेकर अब नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर शहरवासियों की नजर रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
