मुंगेली/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, नगर पालिका मुंगेली में आज उस समय हलचल मच गई जब नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. दाहिरे ने संयुक्त रूप से विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य विजय सोनी, संकुल समन्वयक सुशील जांगड़े तथा अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और विद्यार्थियों के पठन-पाठन के स्तर का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की विभिन्न प्राथमिक आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की, जिसमें विशेष रूप से भौतिकी एवं हिंदी विषय के व्याख्याताओं की कमी तथा सहायक ग्रेड-3 एवं प्यून (चपरासी) के रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने की आवश्यकता रेखांकित की गई। बातचीत के दौरान यह बात भी प्रमुखता से सामने आई कि विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक कक्षाओं और विद्यार्थियों की संख्या तो अधिक है, लेकिन उनकी तुलना में उपलब्ध अध्यापन कक्षों की संख्या काफी कम है, जिससे पठन-पाठन में कठिनाई आ रही है। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान हेतु नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पालिका अभियंता द्वारा विद्यालय परिसर में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का निरीक्षण किया गया तथा आश्वासन दिया गया कि जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। शैक्षणिक स्तर की जांच करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 6 के विद्यार्थियों से 25 तक के पहाड़े सुने तथा उनसे हिंदी और अंग्रेजी का पठन परीक्षण लिया; बच्चों के संतोषजनक प्रदर्शन पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। निरीक्षण के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया, जिससे बच्चों में बेहद खुशी का माहौल देखा गया। भोजन से पूर्व विधिवत भोजन मंत्र का उच्चारण किया गया और इसके पश्चात सभी को चावल, दाल, चना-आलू की स्वादिष्ट सब्जी, अचार एवं पापड़ का वितरण किया गया। अधिकारियों ने परोसे गए भोजन की गुणवत्ता को पूरी तरह संतोषजनक पाया और इसके प्रमाण स्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय की चखना पंजी (फीडबैक रजिस्टर) में अपनी सकारात्मक प्रविष्टि दर्ज की गई। इस निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन और स्थानीय नागरिकों में शिक्षा व्यवस्था के प्रति सुधार की नई उम्मीद जगी है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
