मुंगेली/शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहराखुर्द में विद्यालय के प्रधान पाठक श्री अमर प्रसाद कुर्रे के सेवानिवृत्त होने पर शाला परिवार द्वारा एक गरिमामयी, भावुक और सौहार्दपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती विमित्रा घृतलहरे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप दिवाकर और ग्राम के जनप्रतिनिधियों द्वारा माँ सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया, जहाँ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत करने के साथ-साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी और देशभक्ति गीतों पर सुंदर प्रस्तुतियां दीं, जिससे अभिभूत होकर श्री कुर्रे ने सभी बच्चों को अपनी ओर से पुरस्कृत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि श्री अमर प्रसाद कुर्रे ने अपने संपूर्ण कार्यकाल के दौरान पूरी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, तथा विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह, सहकर्मियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार और विद्यालय के शैक्षणिक स्तर व विकास में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। वहीं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप दिवाकर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति का अर्थ जीवन का अंत नहीं बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है और उनका लंबा अनुभव तथा मार्गदर्शन भविष्य में भी पूरे विद्यालय परिवार के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इसी क्रम में ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि चंद्रकुमार जोगीवंश ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की, जबकि संकुल रोहराखुर्द के प्रभारी चैतन्य दास वैष्णव, वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र कुमार बंजारा और अन्य वक्ताओं ने भी श्री कुर्रे के सरल, सहज, मिलनसार व्यक्तित्व तथा उनके साथ बिताए अपने संस्मरणों को साझा करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिलीप जाटवार द्वारा किया गया, जबकि चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, महेंद्र यादव और भूषण पात्रे ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण से स्वागत किया तथा श्रीमती रीनू लाल ने श्री कुर्रे के जीवन वृत्त व कृतित्व का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में शिक्षक आशीष कुमार सोनी ने प्रधान पाठक अमर प्रसाद कुर्रे सहित सभी पधारे हुए अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा शाला परिवार की ओर से श्री कुर्रे को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक मनोज पात्रे, शिवशंकर नेताम, महादेव साहू, गोविंद पांडेय, देव कुमार बर्मन, बसंत बंजारा, चंद्रेश कुमार पांडेय, उपेंद्र कुमार पांडेय, वंदिता शर्मा, नरेंद्र तिवारी, लंकेश कुमार पाटले और सफाई मित्र सुरेश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यालय के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।





The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
