मुंगेली। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा मुंगेली के पदाधिकारियों ने शिक्षक संवर्ग से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), मुंगेली को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं से अधिकारी को अवगत कराया, जिस पर BEO ने आवश्यक पहल करते हुए समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इससे शिक्षक प्रतिनिधि आश्वस्त नजर आए।
मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक संजय उपाध्याय एवं जिला संयोजक दीपक बेंताल ने बताया कि संगठन द्वारा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को पूर्व में भी अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था। इसी क्रम में अब ज्ञापन के माध्यम से लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।
ज्ञापन में परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित करने, TET उत्तीर्ण शिक्षकों के प्रमाण पत्र सर्विस बुक में संधारित करने, GPF पासबुक संधारण के लिए शिविर आयोजित करने, CG SCHOOL IN पोर्टल पर अवकाश प्रविष्टियों को अपडेट करने, संतान पालन अवकाश की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, लंबित अवकाश एवं वेतन का शीघ्र भुगतान करने, BEO कार्यालय में शिकायत पंजी उपलब्ध कराने तथा विभागीय एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अनुमति निर्धारित समय-सीमा में जारी करने सहित सात प्रमुख मांगें रखी गईं।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होने से न केवल शिक्षकों को राहत मिलेगी, बल्कि वे अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन और अधिक बेहतर ढंग से कर सकेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर सकारात्मक पहल करते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सह संयोजक संजय उपाध्याय, जिला संयोजक दीपक बेंताल, बलराज सिंह, लक्ष्मीकांत जडेजा, नेमीचंद भास्कर एवं ब्लॉक संयोजक दुर्गेश देवांगन सहित शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
