मुंगेली। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार में भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के आरोपों को लेकर मुंगेली जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने उनका पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बांटी गई ‘घटिया और गुणवत्ताहीन’ साड़ियों के विरोध में किया गया।

8.90 करोड़ का ‘साड़ी घोटाला’ आया सामने?
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 1,94,000 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जो साड़ियां वितरित की गई हैं, वे पूरी तरह से डिफेक्टिव और गुणवत्ताहीन हैं।
घटिया क्वालिटी: कार्यकर्ताओं का आरोप है कि साड़ियों को पानी में डुबोते ही उनका रंग निकल रहा है और वे ‘मच्छरदानी’ की तरह जालीदार और फटी हुई हैं।
माप में गड़बड़ी: कायदे से साड़ी की लंबाई 5.5 मीटर होनी चाहिए, लेकिन कार्यकर्ताओं को मिली साड़ियां मात्र 5 मीटर की हैं, जिससे उन्हें पहनने में भारी असुविधा हो रही है।
करोड़ों का खेल: बताया जा रहा है कि इन साड़ियों की खरीदी लगभग 8 करोड़ 90 लाख रुपये में की गई है, जो अब सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है।
“घोटालों की सरकार है भाजपा” – कांग्रेस का कड़ा प्रहार
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 15 सालों के भाजपा शासन की तरह अब भी घोटालों का सिलसिला शुरू हो गया है। उन्होंने नान घोटाला, अंखफोड़वा कांड और गर्भाशय कांड जैसे पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि साय सरकार के आते ही कवर्धा धान उपार्जन केंद्र में 16 करोड़ का धान चूहों द्वारा खाए जाने और पूरे प्रदेश में 36 हजार करोड़ के धान घोटाले की बू आ रही है।
“साड़ी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि महिलाओं की मर्यादा और सम्मान का प्रतीक है। भाजपा सरकार ने इन साड़ियों के नाम पर करोड़ों का घोटाला कर हमारी बहनों के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया है।” – जिला महिला कांग्रेस कमेटी
मुंगेली में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता, पूर्व मंडी अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय, पार्षद अरविंद वैष्णव,महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अनीता विश्वकर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश्वरी, जागेश्वरी वर्मा, पूर्व पार्षद एवं एल्डरमैन जाहिदा बेगम, महामंत्री कृष्णा सोनी, उर्मिला यादव, अनोखी बाई वर्मा, माया रानी सिंह, लता रानी, हेमिन मंगेशकर, संगीता खान, श्वेता पाठक, जाहिदा, गुलाबा कोसले, निर निधि ठाकुर, पिनाक डहरिया, शकुंतला देवी अनंत, अनीता नवरंग, यशोदा डहरिया, गुलाबा, मांडवी जांगड़े, लल्ला सिंह ठाकुर, राजेश पाठक, दुर्गेश श्रीवास, संजय मडावी, नीरज यादव जैसे कार्यकर्ता व पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
