मुंगेली। कला और संस्कृति के क्षेत्र में मुंगेली जिले की प्रतिभाएं एक बार फिर अपनी चमक बिखेर रही हैं। इसी गौरवशाली कड़ी में मुंगेली की प्रतिभावान छात्रा पूर्वजा जायसवाल ने राजधानी रायपुर में आयोजित प्रतिष्ठित ‘नटरंग कला एवं संस्कृति महोत्सव’ की चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
सृजनात्मकता और रंगों के संगम ने जीता दिल
राज्य स्तरीय इस भव्य आयोजन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए सैंकड़ों प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पूर्वजा ने अपनी सृजनात्मक सोच, रंगों के अद्भुत संयोजन और प्रभावशाली चित्रांकन से निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी इसी मौलिकता और कलात्मक कौशल के चलते उन्हें प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान से नवाजा गया।
उपलब्धि से जिले में हर्ष की लहर
बता दें कि पूर्वजा जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम जायसवाल की नातिन एवं सचिन जायसवाल की सुपुत्री हैं। पूर्वजा की इस शानदार सफलता पर उनके परिवार, मित्रों और समस्त नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
नगर के कला प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने पूर्वजा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है। जानकारों का कहना है कि पूर्वजा में अद्भुत नैसर्गिक प्रतिभा है, और यदि वे इसी तरह अपनी कला को निखारती रहीं, तो आने वाले समय में वे केवल राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी मुंगेली जिले की पहचान स्थापित करेंगी।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
