15 दिनों में मांगें पूरी न होने पर नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी और उग्र आंदोलन की चेतावनी
मुंगेली/शहर में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं, अटके हुए विकास कार्यों और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर स्थानीय कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान एक ज्ञापन सौंपकर कुल 13 प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेताया है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे नगर पालिका कार्यालय के सामने तालाबंदी करने और बड़ा जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में मुख्य रूप से इन समस्याओं को उठाया गया:
आवास और पेंशन योजना की सुस्ती: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त का इंतजार कर रहे करीब 88 हितग्राहियों और आवास 2.0 के अंतर्गत वेटिंग में पड़े 60 मकानों का मामला उठाया गया। साथ ही, पिछले तीन महीने से वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन का लाभ न मिलने की बात भी प्रमुखता से रखी गई।
राशन कार्ड से जुड़े पेंच: बिना किसी पूर्व सूचना के लगभग 450 लोगों के नाम राशन कार्ड सूची से कट जाने और फूड विभाग का पोर्टल बंद होने के कारण नए कार्ड नहीं बन पाने पर चिंता जताई गई। इसके अलावा अंत्योदय कार्डधारियों के कोटे में कटौती का मुद्दा भी सामने रखा गया।
अध्यक्षीय अधिकारों और प्रशासनिक कामकाज में देरी: निर्वाचित अध्यक्ष के अधिकारों के हनन को रोकने और प्रेसिडेंट-इन-कौंसिल (PIC) के गठन में हो रही कागजी देरी को तुरंत खत्म करने की मांग की गई।
अवैध निर्माण और अतिक्रमण: शहर के विभिन्न वार्डों, नालों, नदियों और नहरों के पास धड़ल्ले से हो रहे अवैध निर्माणों पर तुरंत रोक लगाने को कहा गया। साथ ही पेंडारकापा स्थित भारत माता मंदिर के पास निजी जमीन पर नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्य न करने की हिदायत दी गई।
विकास कार्यों की धीमी रफ्तार: गौरव पथ के निर्माण में हो रही देरी की गुणवत्ता जांचने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग उठी। इसके अलावा सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और खराब पड़े स्मार्ट टॉयलेट्स की सुधारीकरण की बात कही गई।
अन्य मांगें: बेरोजगार युवाओं के प्रकरणों और श्रद्धांजलि सहायता राशि का समय पर भुगतान करने के साथ-साथ शहर में अवैध कब्जों को हटाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता के साथ श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, आमा सिंह क्षत्रिय, इंद्रजीत कुर्रे, जलेश यादव, जीटू श्रीवास्तव, आरिफ खोखर, श्री ठाकुर, नीरज यादव, आनंद सोनी, सूरज मंगलाणी, सालिक राम, जय सोनी, उर्मिला यादव, अनिता विश्वकर्मा, ललिता सोनी, मंजू शर्मा, नूरजहां खान, साधना वर्मा, वैशाली सोनी, निधि ठाकुर, भूपेंद्र देवांगन, निजाम खान, लक्ष्मी धृतलहरे, राजू सोनी, असद खान, अमन ठाकुर, रामकिंकर, मोहित, रिजुराज सोनी, हारून तवर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
