मुंगेली / “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” के अंतर्गत डॉ. मनीष बंजारा ने अपना जन्मदिन सरदार पटेल वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे बच्चों के साथ मनाकर इस विशेष दिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकार, सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी माध्यम बना दिया।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया, उनके साथ केक काटा तथा पौष्टिक भोजन के रूप में खीर-पूरी का वितरण किया। साथ ही बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट एवं पेंटिंग सामग्री प्रदान कर उनके चेहरों पर खुशियों की चमक बिखेरी। बच्चों की मासूम मुस्कान, खिलखिलाहट और उत्साह ने पूरे आयोजन को भावनात्मक और अविस्मरणीय बना दिया।
डॉ. मनीष बंजारा ने कहा—
“जन्मदिन केवल अपनी खुशियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह समाज के उन बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटने का अवसर भी होना चाहिए, जिन्हें स्नेह और अपनत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है। जब हमारी छोटी-सी खुशी किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान बनकर लौटती है, वही जीवन का सबसे बड़ा उपहार बन जाती है।”

यह प्रयास न केवल बच्चों के लिए खुशी और अपनापन लेकर आया, बल्कि उपस्थित कर्मचारियों के लिए भी सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणास्रोत बना। बच्चों के साथ बिताए गए ये पल सभी के लिए आत्मिक संतोष और समाजसेवा के भाव को और अधिक मजबूत करने वाले साबित हुए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री द्वारा “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” की संवेदनशील पहल शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य शासकीय कर्मचारियों को अपने जन्मदिन एवं विशेष अवसरों को आंगनवाड़ी और स्कूलों के बच्चों के साथ मनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि व्यक्तिगत खुशियों को समाज के नन्हे चेहरों की मुस्कान से जोड़ा जा सके।
यह पहल “न्योता भोज” की भावना को बढ़ावा देती है, जिसके माध्यम से बच्चों को पौष्टिक भोजन, स्नेह और अपनत्व का अनुभव मिलता है। यह अभियान की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना से भी जुड़ा हुआ है, जहाँ कर्मचारी अपने विशेष दिन को सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार के साथ मनाकर समाज में सहभागिता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
डॉ बंजारा की मानवीय अपील
हम सब मिलकर इस मानवीय अभियान से जुड़ें और अपने हर खास दिन को किसी और की खुशी का कारण बनाएं।
क्योंकि असली उत्सव वही है, जो दूसरों के जीवन में उजाला भर दे।
इस अवसर पर सुपरवाइजर उमा तिवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्वेता, सहायिका एवं नन्हे बच्चे उपस्थि रहे।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
