मुंगेली/भीषण गर्मी के बीच जहां एक ओर शहर के कई इलाकों में जल संकट गहराता जा रहा है, वहीं अंबेडकर वार्ड में राहत की खबर सामने आई है। वार्ड में लंबे समय से पेयजल की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए अब स्थिति सुधरती नजर आ रही है। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि की सक्रियता और प्रयासों के चलते यहां जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वार्ड में पार्षद निधि से कराए गए बोर में पंप स्थापित करने के बाद अब पाइपलाइन जोड़ने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। आज इस कनेक्शन को विधिवत रूप से चालू किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को सीधे तौर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस पहल से उन परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जो लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान थे।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि उन्होंने अब तक अपने निधि से दो बोर में पंप लगवाए हैं, जिससे पूरे वार्ड की जनता को भरपूर लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जल संकट को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसी भी घर को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि लंबे समय से बोर कनेक्शन की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इससे दैनिक जीवन में होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी। वार्ड में किए जा रहे इस कार्य को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में भी इसी तरह की योजनाओं के माध्यम से वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
