मुंगेली/ स्थानीय गोल बाजार स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व पूर्ण श्रद्धा और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। विगत 56 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का सफल आयोजन किया गया।

मंदिर के पुजारी पंडित क्रांति कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में हनुमान सहस्त्रनाम अर्चना के माध्यम से भगवान को 1001 शुद्ध घी के लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया गया। इस विशेष पूजन को देखने और प्रभु का आशीर्वाद लेने हेतु दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्वान पुरोहितों—पंडित स्वतंत्र मिश्रा, पंडित राजू पाठक एवं पंडित अजय तिवारी के सानिध्य में भगवान का षोडशोपचार विधि से अभिषेक एवं विशिष्ट पूजन कराया गया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से रामचरितमानस, सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय रहा। अनुष्ठान की पूर्णता वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए हवन और भव्य महाआरती से हुई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पंडित क्रांति कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी सहयोगियों और उपस्थित भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
