पति की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद करने वाली महिला महाराष्ट्र से गिरफ्तार — जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता
जशपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए, अपने पति की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपाने वाली महिला मंगरीता भगत को महाराष्ट्र के मनमाड़ जंक्शन (जिला नासिक) से गिरफ्तार किया है।
यह मामला थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है, जहाँ 9 नवम्बर 2025 को घर के अंदर एक सूटकेस में संतोष भगत का शव बरामद हुआ था। मृतक के बड़े भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था।
🔹 घटना की पृष्ठभूमि
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी मंगरीता भगत (40 वर्ष) का गांव के ही रिश्तेदार देवर विनोद से प्रेम संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
07 नवम्बर की रात दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके दौरान मंगरीता ने पत्थर की शील पट्टा से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपिया ने शव को ट्रॉली सूटकेस में भरकर छिपाने की कोशिश की और घर से फरार हो गई।
🔹 फरारी और गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही आरोपिया फरार थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी व मुखबिर जानकारी के आधार पर आरोपिया का पीछा करते हुए महाराष्ट्र तक पहुंची।
टीम ने जीआरपी व आरपीएफ पुलिस की मदद से मंगरीता भगत को मनमाड़ जंक्शन, नासिक से गिरफ्तार किया।
🔹 पुलिस पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में मंगरीता ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पति की हत्या के बाद खून के निशान साफ किए और शव को सूटकेस में भर दिया था, लेकिन वजन अधिक होने से वह सूटकेस को ठिकाने नहीं लगा पाई।
अगले दिन घर को बाहर से बंद कर वह रायगढ़ होते हुए मुंबई भागने निकली थी।
🔹 पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपिया की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त शील पट्टा भी जब्त कर लिया है।
आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
🔹 जांच में शामिल अधिकारी
इस पूरे प्रकरण में निरीक्षक संत लाल आयाम, निरीक्षक कृष्णकांत साहू, थाना प्रभारी दुलदुला, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, आरक्षक पंकज कुजूर, एलेक्शियूस तिग्गा, सालदान टोप्पो और सायबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि —
“पति की हत्या कर फरार हुई आरोपिया पत्नी को जीआरपी रायपुर व आरपीएफ टीम के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है। अपराध स्वीकारने के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है।”

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
