
मुंगेली। ‘मुंगेली का त्योहार’ के नाम से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके मुंगेली व्यापार मेला 2026 की तैयारियों का विधिवत आगाज हो गया है। स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली द्वारा 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय मेले का शुभारंभ मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन और कार्यालय उद्घाटन कर किया गया। इसके साथ ही आयोजन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है।

मेले की सफलता एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं उपयोगी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ सहित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित एवं उपयोगी उत्पादों के स्टॉल लगाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों को विशेष प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई, ताकि मेले के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विविध जानकारियां एवं सुविधाएं मिल सकें।
संस्था के सचिव एवं स्टॉल प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि इस वर्ष स्थानीय व्यापारियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उन्हें भी बाहरी व्यापारियों की तरह अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं व्यवसाय विस्तार का बेहतर अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि इस बार कुल 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से लगभग 200 स्टॉलों की बुकिंग हो चुकी है।
संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला अब केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की पहचान और सामूहिक उत्सव का स्वरूप ले चुका है। संस्था पिछले एक दशक से इस आयोजन को निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है। ग्यारहवें वर्ष में प्रवेश कर रहे इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना हम सभी का सामूहिक संकल्प है। हमारा प्रयास है कि व्यापार, मनोरंजन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को एक ही मंच पर अवसर प्रदान किया जाए।

अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि इस बार मेले को लेकर लोगों एवं व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को यादगार और बेमिसाल बनाने के लिए संस्था के प्रत्येक सदस्य को पूरी ऊर्जा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।
सहसंयोजक रामशरण यादव ने कहा कि मेले को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस वर्ष अनेक नवीन गतिविधियां, मनोरंजक कार्यक्रम और विशेष आकर्षण शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही मुंगेली की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्था का प्रयास है कि इस वर्ष का मुंगेली व्यापार मेला व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं मनोरंजन के विविध रंगों से सराबोर हो और शहरवासियों के लिए एक यादगार उत्सव साबित हो।
इस अवसर पर सँस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसयोंजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, आशीष सिंह, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकान्त सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, अमित साहू सहित सँस्था के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
