मुंगेली । आगर नदी के पावन तट पर बसे मुंगेली नगर में व्यापार, संस्कृति और स्वस्थ पारिवारिक मनोरंजन के एक अनूठे संगम के रूप में प्रतिष्ठित ‘मुंगेली व्यापार मेला 2026’ का भव्य आयोजन आगामी 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक स्थानीय वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम (बी.आर. साव स्कूल मैदान), मुंगेली में किया जा रहा है, जिसे नगर की अग्रणी सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था ‘स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली’ के तत्वावधान में लगातार 11वें गौरवशाली वर्ष आयोजित किया जा रहा है। संपूर्ण जिले में ‘मुंगेली का त्योहार’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके इस सात दिवसीय महाआयोजन का मुख्य उद्देश्य कृषि प्रधान मुंगेली जिले में कृषि आधारित औद्योगिकी एवं व्यापारिक गतिविधियों के विकास को नई गति प्रदान करना, क्षेत्र के लघु, कुटीर एवं मध्यम दर्जे के उद्योग-धंधों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को सीधे आम उपभोक्ताओं तक पहुँचाने के लिए एक सशक्त बाजार मंच उपलब्ध कराना तथा संपूर्ण अंचल में व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार हेतु एक सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण तैयार करना है।

“खरीदें, देखें और आनंद लें” के आकर्षक संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस मेले में आम नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं से लेकर आधुनिक जीवनशैली तक की हर वस्तु एक ही विशाल परिसर के नीचे उपलब्ध कराने के लिए सुव्यवस्थित डोम और विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से ऑटोमोबाइल के नवीनतम मॉडल, आधुनिक कृषि उपकरण एवं उन्नत फर्टिलाइजर्स, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, उद्योग उपकरण, पारंपरिक हैंडीक्राफ्ट, विश्व प्रसिद्ध बस्तर आर्ट, मिट्टी के कलात्मक टेराकोटा उत्पाद, महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित महिला गृह उद्योग की सामग्री, प्राकृतिक हर्बल प्रोडक्ट, सौंदर्य प्रसाधन, आधुनिक परिधान एवं वस्त्र, जनरल स्टोर्स, बैंकिंग व रियल स्टेट से जुड़ी वित्तीय योजनाएं तथा प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के स्टॉल शामिल रहेंगे।

खरीदारी के साथ-साथ जिले में स्वस्थ मनोरंजन के इस एकमात्र वृहद आयोजन में हर आयु वर्ग के दर्शकों की रुचि का विशेष ध्यान रखते हुए सातों दिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की अनवरत श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय एवं राज्य स्तरीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवाओं को थिरकाने वाली स्टार म्यूजिकल एंड डांसिंग नाइट, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं परंपरा को जीवंत करने वाला लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी रंग मंच कार्यक्रम और देश के ख्यातिलब्ध कवियों से सजा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अतिरिक्त, मेले में आने वाले स्वाद के शौकीनों के लिए एक विशाल फूड जोन तैयार किया जा रहा है, जहाँ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की सोंधी खुशबू के साथ-साथ देश-विदेश के लोकप्रिय और लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा, वहीं बच्चों और परिवारों के रोमांच व उत्साह के लिए आधुनिक झूलों से सुसज्जित एक भव्य मनोरंजन पार्क भी आकर्षण बढ़ाएगा। आयोजक समिति ‘टीम स्टार्स’ ने मेले में सहभागिता करने वाले व्यापारियों और प्रतिदिन उमड़ने वाले हजारों आगंतुकों की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अत्यंत सुव्यवस्थित ले-आउट प्लान तैयार किया है, जिसके अंतर्गत मुख्य प्रवेश द्वार, वीआईपी एंट्री गेट, सुगम आवागमन हेतु चौड़ी आंतरिक सड़कें और वाहनों के लिए विशाल पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।

स्टॉल संचालकों को 10×8 और 12×15 फीट आकार के सुसज्जित स्टॉल प्रदान किए जाएंगे, जिनमें दो टेबल, दो कुर्सी, दो लाइट और निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु पावर प्लग की सुविधा पहले से उपलब्ध रहेगी, जबकि संपूर्ण मेला परिसर में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे फायर ब्रिगेड, त्वरित एंबुलेंस सेवा, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा केंद्र और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस सहायता केंद्र की पुख्ता तैनाती सुनिश्चित की गई है। ‘हरियर मुंगेली – सुघ्घर मुंगेली’ और ‘स्वच्छ मुंगेली – स्वस्थ्य मुंगेली’ के सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुँचाते हुए इस भव्य व्यापार मेले में स्टॉल बुकिंग की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके लिए इच्छुक व्यापारी एवं संस्थाएं आयोजक समिति से सीधे संपर्क कर अपना स्थान सुरक्षित कर सकते हैं, साथ ही मेले से जुड़ी समस्त विस्तृत जानकारी व ले-आउट विवरण संस्था की आधिकारिक वेबसाइट या ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है, अतः आयोजक संस्था स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली ने जिले व आसपास के सभी व्यापारियों, उद्यमियों, किसानों और गणमान्य नागरिकों से इस भव्य व्यावसायिक एवं सांस्कृतिक महाकुंभ का हिस्सा बनकर इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का विनम्र आह्वान किया है।


The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
