मुंगेली। जिले के सबसे व्यस्त और प्रमुख मार्गों में से एक ‘मुंगेली-पंडरिया मार्ग’ अपनी बदहाली के आंसू रो रहा है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों और आए दिन होने वाले हादसों से नाराज होकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव इंद्रजीत सिंह कुर्रे ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।
हर 2-4 फीट पर गहरा गड्ढा, जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे
कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि सेंट जेवियर्स स्कूल से चातरखार तक की सड़क की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। मार्ग पर हर दो-चार फीट पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। स्थिति इतनी खराब है कि ऑटो और अन्य वाहन अक्सर इन गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा उन स्कूली बच्चों और पालकों को है, जो प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल और कोचिंग संस्थानों तक का सफर तय करते हैं।
व्यापारी और आम जनता त्रस्त
सड़क की खराब हालत का सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। धूल और जलभराव के कारण लोग इस मार्ग से गुजरने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापारियों का नुकसान हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी की वजह से यह मार्ग अब “दुर्घटना जोन” में तब्दील हो चुका है।
7 दिन का अल्टीमेटम, शासन-प्रशासन होगा जिम्मेदार
किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव इंद्रजीत सिंह कुर्रे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि 7 दिनों के भीतर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। यदि तय समय सीमा में कार्य नहीं होता है, तो कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर ‘चक्काजाम’ करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी।
इन दिग्गजों को भी भेजी गई सूचना:
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहिले को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।

The News Related To The News Engaged In The Dainik Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
